• Thu. Jun 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रायबरेली: मुख्य विकास अधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित हुआ ‘संपूर्ण समाधान दिवस’

ByTen News One Desk

Mar 7, 2026
84 Views

रायबरेली: मुख्य विकास अधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित हुआ ‘संपूर्ण समाधान दिवस’


टेन न्यूज़ ii 07 मार्च 2026 ii लोकेशन: रायबरेली, रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो
रायबरेली। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को सदर तहसील परिसर में ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंजुलता और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए।

वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जमीन संबंधी विवादों तथा पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मातहत अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

तहसील परिसर में सुबह से ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। समाधान दिवस के आयोजन से लोगों में अपनी शिकायतों के समाधान को लेकर उम्मीदें नजर आईं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शासन की मंशा के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!