अजीतमल में Rashtriya Swayamsevak Sangh का पथ संचलन, पुष्प वर्षा कर हुआ स्वागत
टेन न्यूज़ ii 30 मार्च 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। अजीतमल में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में दंड लेकर जनता महाविद्यालय परिसर में एकत्रित हुए, जहां से संचलन की शुरुआत हुई।
पथ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ अजीतमल तिराहा पहुंचा और वहां से आगे बढ़ते हुए बाबरपुर स्थित अभिनंदन गेस्ट हाउस पर सम्पन्न हुआ। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। पूरे मार्ग में अनुशासन और एकरूपता देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम का प्रभाव लोगों पर स्पष्ट नजर आया।
हालांकि इस बार पथ संचलन में स्वयंसेवकों की संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दी, जो चर्चा का विषय बनी रही। स्वयंसेवकों ने बताया कि University Grants Commission से जुड़े विरोध के चलते कई लोग कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, जिसके कारण संख्या में कमी रही।
इसके बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। आयोजकों ने भविष्य में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।






