Result 2026: तिलहर में रिजल्ट का जश्न: आर.पी. सिंह पब्लिक स्कूल में मेधावियों का सम्मान
टेन न्यूज ii 31 मार्च 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर। मोहल्ला चौहटिया स्थित श्री आर पी सिंह पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा फल वितरण समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिवकुमार तिवारी (पूर्व प्रवक्ता, सरस्वती विद्या मंदिर) का विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और लगन ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं—अभि वर्मा, वंश रस्तोगी, सुरतन, पंकज, सुहानी, सुधीर, अमृता, आराध्या तिवारी, अंश, अमीन शाह और दक्ष्य—को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उनकी सफलता पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या विजयलक्ष्मी ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षकगणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही और अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया गया।






