शाहजहाँपुर में लाउडस्पीकरों पर सख्ती: 239 धार्मिक स्थलों की जांच, 40 उतारे गए
टेन न्यूज़ ii 16 अप्रैल 2026 ii पंकज कुमार, कांट/शाहजहांपुर
शाहजहाँपुर नगर एवं सदर सर्किल क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर मानक से अधिक लगे लाउडस्पीकरों को हटवाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान 239 धार्मिक स्थलों की जांच की गई, जिनमें से 40 स्थानों पर मानक से अधिक पाए गए लाउडस्पीकरों को उतरवाया गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर/सदर के नेतृत्व में संचालित किया गया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों ने अपने-अपने इलाकों में भ्रमण कर धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया और उच्चतम न्यायालय व शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया।
जांच के दौरान जिन स्थानों पर निर्धारित सीमा से अधिक लाउडस्पीकर लगे पाए गए, उन्हें संबंधित प्रबंधकों और व्यक्तियों के सहयोग से स्वेच्छा से हटवाया गया। साथ ही लोगों को ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी धार्मिक स्थलों पर शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस कार्रवाई में स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग किया, जिससे अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करें, निर्धारित समय और मानकों के अनुसार ही लाउडस्पीकर का उपयोग करें तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग दें।
