तिलहर में 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न, समरसता सम्मेलन में दिखी सामाजिक एकता
टेन न्यूज़ ii 16 अप्रैल 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
तिलहर क्षेत्रगत गुरुवार को नगर क्षेत्र में मानव जीवन कल्याण समिति द्वारा द्वितीय वर्ष “समरसता सामूहिक विवाह सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 11 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय महामंत्री चंद्रेश गुप्ता, डॉ. मीनाक्षी राजपूत तथा डॉ. दीपक पटेल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समिति के इस सराहनीय सामाजिक प्रयास की प्रशंसा की।
विवाह कार्यक्रम वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पंडित नवनीत शर्मा के सानिध्य में संपन्न हुआ, जहां सभी 11 जोड़ों ने सात फेरे लेकर अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। इस अवसर पर समिति द्वारा सभी कन्याओं को उपहार भी भेंट किए गए, जिससे समारोह और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
राष्ट्रीय गौ रक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अजीत शर्मा ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उपहार प्रदान किए। समिति के अध्यक्ष पप्पू शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष 25 अप्रैल 2025 को संस्था द्वारा 3 कन्याओं का विवाह कराया गया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 11 हो गई है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में समरसता को बढ़ावा देना और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना है।
कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों के लिए भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर आसाराम साहू, चंद्रकांता त्रिवेदी, अरविंद गुप्ता, विवेक शर्मा ‘अंशु’, अनुज मिश्रा, मनोज शर्मा, संजीव गुप्ता, सौरभ गुप्ता ‘रवि’, अनिल गुप्ता, रोहित साहू गुप्ता, शीलेंद्र मोहन मिश्रा, रामगोपाल गुर्जर, संजय गुप्ता, प्रभात सहाय, हितेश गुप्ता, संजय पाठक, सभासद गंगासहाय ‘रिंकू’, सभासद राधा रमण मिश्रा, श्याम गर्ग, बाबा शंभू देव, राम लखन कुशवाहा, माया देवी, शिखा सिंह, डॉ. कौशल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
