खैरपुर में किशोर की फांसी से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

टेन न्यूज़ ii 30 मार्च 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम खैरपुर में बीती रात एक किशोर का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी मास्टर यूनुस सलमानी के पुत्र मोहम्मद फैज रविवार शाम करीब 5 बजे अचानक घर से लापता हो गया था।
परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसी दौरान जब परिजन घर के एक कमरे में पहुंचे तो मोहम्मद फैज का शव फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सेंगर ने बताया कि परिजनों द्वारा किशोर के लापता होने की कोई लिखित सूचना नहीं दी गई थी, जिसके कारण गुमशुदगी दर्ज नहीं हो सकी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।






