पाली के पनियारी बिरहा चौराहे पर 300 वर्ष पुराना मामा जी मंदिर बना आस्था का केंद्र![]()
टेन न्यूज़ ii 28 मई 2026 ii डेस्क न्यूज़@दिल्ली
पाली। पनियारी बिरहा चौराहे पर स्थित लगभग 300 वर्ष पुराना मामा जी का मंदिर क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां से गुजरने वाले श्रद्धालु मंदिर में माथा टेककर प्रसाद चढ़ाते हैं और अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं।
हेमावास कमान के अध्यक्ष गिरधारी सिंह मंडली ने बताया कि यह मंदिर लोगों की गहरी आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक भक्त को गुजरात में मामा जी ने दर्शन देकर बताया था कि पाली में भी उनका मंदिर स्थित है। इसके बाद से मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य तेज गति से शुरू किया गया।
गिरधारी सिंह मंडली के अनुसार, मंदिर परिसर के चारों ओर तीन शेड लगाए जाएंगे, ताकि आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विश्राम की सुविधा उपलब्ध हो सके। साथ ही यहां एक विश्रामगृह का निर्माण भी प्रस्तावित है। मंदिर में जल्द ही प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि रामदेवरा पैदल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यहां रात्रिकालीन विश्राम, छाया और पेयजल की विशेष व्यवस्था की जाएगी, जिससे यात्रियों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाली-जोधपुर हाईवे बनने के बाद मंदिर की पहचान और बढ़ी है। पहले लोगों को शहर के भीतर से गुजरना पड़ता था, लेकिन अब हाईवे से गुजरने वाले श्रद्धालु भी यहां रुककर दर्शन कर रहे हैं। इसी कारण मामा जी का मंदिर धीरे-धीरे क्षेत्र का प्रमुख आस्था केंद्र बनता जा रहा है।