गौतमबुद्ध नगर से उठी साइकिल की लहर, 2027 में फिर अखिलेश का परचम लहराएगा: कुंवर नादिर शाह![]()
टेन न्यूज।। 14 सितंबर 2026।। रिपोर्ट: तौफीक फारूकी, फर्रुखाबाद/ ग्रेटर नोएडा।
गौतमबुद्ध नगर के हल्दौनी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष कुंवर नादिर शाह के नेतृत्व में कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने में जुटे हैं।
जनसंपर्क के दौरान कुंवर नादिर शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मन बना लिया है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनेंगे।
उन्होंने कहा कि युवा, किसान, छात्र, मजदूर और बेरोजगार वर्ग आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। इन वर्गों की उम्मीदें समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से जुड़ी हैं। उन्होंने अखिलेश यादव के कार्यकाल में हुए लैपटॉप वितरण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
PDA को लेकर जनसंपर्क पर जोर
कुंवर नादिर शाह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक सामाजिक भागीदारी के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने के लिए चौपाल और जनसभाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार सक्रिय रहना होगा।
सपा नेता ने दावा किया कि गौतमबुद्ध नगर से उठ रही साइकिल की लहर आगामी विधानसभा चुनाव में पूरे उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क अभियान को गति देने की अपील की।