• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

ठाकुर रोशन सिंह जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय मेले का हुआ समापन, जिलाधिकारी ने ठाकुर रोशन सिंह जन्मोत्सव पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजली

ByTen News One Desk

Jan 22, 2025
189 Views

ठाकुर रोशन सिंह जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय मेले का हुआ समापन, जिलाधिकारी ने ठाकुर रोशन सिंह जन्मोत्सव पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजली



ठाकुर रोशन सिंह जन्मोत्सव चार दिवसीय मेले के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताए आयोजित कर भव्य रूप से मनाया गया।


टेन न्यूज़ !! २२ जनवरी २०२५ !! डीपी सिंह डेस्क@शाहजहाँपुर


अमर शहीद ठाकुर रोशन सिंह जन्मोत्सव के अवसर पर उनके पैतृक गांव नवादा दरोबस्त में आयोजित चार दिवसीय मेले के अंतिम दिन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मेले में प्रतिभाग किया। ठाकुर रोशन सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्य आश्रम के एनसीसी कैडेट्स के द्वारा कटरा से एक रिले दौड़ का आयोजन किया गया इसमें केंडिट के द्वारा उनके पैतृक गांव नवादा में पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों मे प्रतिभाग कर रहे बच्चों का जगह-जगह पर माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर कामधेनु प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें देसी नस्ल की गायों का प्रतिभाग हुआ। 37 गोपालकों के द्वारा अपनी गायों को सजा कर लाया गया कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय संघ चालक सूर्य प्रकाश टोंक तथा कटरा विधायक द्वारा गोपालकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मेले में आज एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया जिसमें संघ के क्षेत्र संघ चालक सूर्य प्रकाश टोंक के द्वारा नौजवानों को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया तथा उनके द्वारा अंग्रेजो के अत्याचार का भी जिक्र किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा बच्चों को सोशल मीडिया के सही उपयोग के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि हम रील के माध्यम से सही चीजों की जानकारी कर तथा उन्हें सोशल मीडिया पर डालकर राष्ट्रहित में अपना योगदान दे सकते हैं। वहीं उन्होंने बैठकों में अधिकारियों के द्वारा रील देखे जाने पर हिदायत भी दी। कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस के द्वारा महिलाओं तथा बच्चों के स्वावलंबन पर विस्तृत चर्चा की गई।

क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि बच्चे भविष्य के अधिकारी और नेता हैं अपने-अपने स्वाभिमान की तरफ ध्यान देकर अपने भविष्य के साथ-साथ देश का भी भविष्य संभालने का कार्य करेंगे। विशिष्ट अतिथि डॉ विनोद पगरानी के द्वारा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। डिग्री कॉलेज के प्राचार्य अनुज सक्सेना ने कहा कि कॉलेज के माध्यम से युवाओं तथा युवतियों में शिक्षा के प्रति भागीदारी बढ़ी है। शिक्षा के द्वारा व्यक्ति किसी भी मुकाम को हासिल कर सकता है।

मेले में आयोजित खेल कबड्डी खो-खो, वॉलीबॉल, रस्सा कसी की टीमों को भी अतिथियों के द्वारा मेडल तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही महिलाओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया वहीं कामधेनु प्रतियोगिता में आए हुए गोपालको को भी नगद पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग ने सभी गायों को पंजीकरण करके उनको समय-समय पर उपयुक्त दवाईयां देने का भी आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए इसमें एनसीसी के बच्चों के द्वारा कई मनोहर गीतों का मंचन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन संजय उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष विनय अग्रवाल के द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में विभाग प्रचारक धर्मेंद्र कुमार इशपाल, डॉ वीरेंद्र सिंह, रोहित सिंह, कृपाल सिंह, भाजपा अध्यक्ष केसी मिश्र, भानु प्रताप सिंह, अनुज पथ, मनजीत कुमार, अमित कुमार सहित मेला समिति के सभी लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!