तिलहर: कॉलेज मित्र पर युवती का आरोप, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर कर रहा ब्लैकमेल

टेन न्यूज़ !! ०४ मई २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
शाहजहांपुर जनपद के तिलहर क्षेत्र में एक युवती ने अपने कॉलेज के समय के मित्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए, जिन्हें अब वह वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व वह डिग्री कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती एक युवक से हुई, जिसने धीरे-धीरे उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उसकी जानकारी के बिना कुछ अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए।
पीड़िता के अनुसार, अब आरोपी युवक उन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। युवती ने बताया कि उसके माता-पिता ने उसकी शादी भी तय कर दी है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
