• Tue. May 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मुंबई घूमने गए कटरा के दो युवकों की ट्रेन से गिरकर मौत, घरों में मचा कोहराम

ByTen News One Desk

Feb 4, 2026
247 Views

मुंबई घूमने गए कटरा के दो युवकों की ट्रेन से गिरकर मौत, घरों में मचा कोहराम


टेन न्यूज़ ii 04 फरवरी 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)

मीरानपुर कटरा के दो युवकों की मुंबई यात्रा के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों के शव मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले से करीब 40 किलोमीटर दूर डाबरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवारों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मृतकों की पहचान मोहल्ला नादिरशाह निवासी अयान (20) पुत्र मकसूद तथा मोहल्ला मुगलान निवासी अरवाज (20) पुत्र कौसर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों युवक तीन दिन पहले अपने दोस्तों के साथ मुंबई घूमने के लिए घर से निकले थे। यात्रा के दौरान उनकी परिजनों से मोबाइल पर लगातार बातचीत भी होती रही, जिससे किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी।

बुधवार सुबह मध्यप्रदेश जीआरपी ने परिजनों को सूचना दी कि डाबरा स्टेशन के पास दो युवकों के शव रेलवे ट्रैक के किनारे मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों चलती ट्रेन से गिर गए होंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जीआरपी चौकी प्रभारी साहब सिंह गुर्जर ने बताया कि शव ट्रैक के समीप मिले हैं और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। साथ ही, युवकों के साथ यात्रा कर रहे उनके दोस्तों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मोहल्लों में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन ग्वालियर पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं।

पूरे कस्बे में इस हृदयविदारक घटना को लेकर गहरा दुःख और शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!