• Sun. Nov 15th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मतदाता पुनरीक्षण कार्यों में लापरवाही पर निलंबन की चेतावनी

ByTen News One Desk

Nov 15, 2026
1 Views

मतदाता पुनरीक्षण कार्यों में लापरवाही पर निलंबन की चेतावनी


डीएम ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक पदाभिहित स्थलों पर बनेंगे मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म


टेन न्यूज़ !! १५ नवम्बर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर, 15 नवंबर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्वाचन ड्यूटी में लापरवाही बरतने अथवा ड्यूटी करने से मना करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध निलंबन सहित नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की तैयारियों, पदाभिहित स्थलों की व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती और निर्वाचन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को बीएलओ और सुपरवाइजरों की ड्यूटी सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी तहसीलों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए 18 नवंबर तक आवश्यक बैठकें आयोजित करने और सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने बताया कि पदाभिहित एवं डेजिग्नेटेड अधिकारियों की तैनाती सूची तैयार कर डीईओ पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसकी प्रति सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। पदाभिहित स्थलों पर साइनेज सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इन स्थलों पर 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

जिलाधिकारी ने बड़े कॉलेजों, बड़े कार्यालयों और तहसील कार्यालयों में भी 10-10 पदाभिहित स्थल स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं को सुविधा मिल सके। उपजिलाधिकारियों को सुपरवाइजरों के साथ बेहतर समन्वय के लिए 10-10 के समूह में बैठकें आयोजित करने को कहा।

उन्होंने निर्धारित प्रारूप पर 30 नवंबर तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसमें मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण शामिल होगा। इसके अलावा वार्डवार बूथों और मतदाताओं की संख्या का विस्तृत आंकड़ा तैयार करने को कहा। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का नियमित अध्ययन कर उनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने 18 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची पढ़कर सुनाए जाने के संबंध में सभी राजनीतिक दलों को समय से सूचना देने के निर्देश दिए। वहीं, 17 से 20 नवंबर तक एईआरओ और ईआरओ कार्यालयों में टेबल टॉप एक्टिविटी आयोजित करने तथा जनसेवा केंद्र संचालकों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!