“आधार कार्ड के बहाने विधवा की जमीन हड़पने का आरोप, समाधान दिवस में लगाई न्याय की गुहार”![]()
टेन न्यूज़ ii 07 जून 2026 ii नीरज प्रताप सिंह
छिबरामऊ/कन्नौज। कन्नौज जनपद की तहसील छिबरामऊ में समाधान दिवस के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बेबस विधवा महिला ने अधिकारियों के सामने अपनी जमीन हड़पे जाने की दर्दनाक कहानी बयां की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आधार कार्ड बनवाने के बहाने धोखाधड़ी कर उसकी कीमती जमीन का बैनामा करा लिया गया।
ग्राम बरवारी, मौजा भौराजपुर निवासी फूलन श्री ने अपर जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2018 में पति हजारी लाल की मौत के बाद उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता था। अनपढ़ होने का फायदा उठाकर वर्ष 2019 में गांव के ही दिनेश चंद नामक व्यक्ति उसे आधार कार्ड बनवाने के बहाने तहसील ले गया और कथित रूप से अंगूठा लगवाकर उसकी गाटा संख्या 319 और 320 की जमीन अपने नाम करा ली।
पीड़िता ने बताया कि उसके दो नाबालिग बच्चे हैं और जब उसे इस कथित धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उसने अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक उसे राहत नहीं मिल सकी है। महिला ने क्षेत्रीय लेखपाल, कानूनगो और थाना बिशुनगढ़ को निर्देशित कर जमीन वापस दिलाने की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित विधवा व उसके बच्चों को कब तक न्याय मिल पाता है।