पत्नी और पुत्र पर पिता को पीटकर घायल करने का आरोप, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

घरेलू विवाद के बाद जान बचाने के लिए छत पर चढ़ा पीड़ित, शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो,
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के विद्या नगर में घरेलू विवाद के चलते पत्नी और पुत्र पर एक व्यक्ति के साथ लाठी-डंडों तथा बेलचे से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में घायल व्यक्ति को पुलिस ने घर की छत से नीचे उतारकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
विद्या नगर निवासी मनोज कुमार पुत्र महेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घरेलू बातों को लेकर उसका पत्नी बेबी और पुत्र कृष्णा उर्फ मयंक से विवाद हो गया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान समझाने का प्रयास करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों तथा बेलचे से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट से बचने के लिए वह घर की छत पर चढ़ गया और शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना पर कस्बा प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल मनोज कुमार को छत से नीचे उतारा और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया