फर्रुखाबाद में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, पति पर शराब की लत के चलते विवाद का आरोप![]()
टेन न्यूज ।। 05 अक्टूबर 2026 ।। तौफ़ीक़ फारूकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। कादरी गेट थाना क्षेत्र के अमेठी जदीद गांव में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला का शव घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान गांव निवासी 38 वर्षीय कल्पना के रूप में हुई है। कल्पना की शादी वर्ष 2009 में विजय प्रताप शाक्य के साथ हुई थी। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। इनमें 11 वर्षीय बेटी माही, आठ वर्षीय बेटा उज्ज्वल और चार वर्षीय बेटा लकी शामिल हैं। घटना के बाद बच्चों और परिजनों में कोहराम मच गया।
सुबह छत के कुंडे में लटका मिला शव
मृतका के पति विजय प्रताप ने बताया कि रविवार सुबह करीब चार बजे उनकी आंख खुली थी। उस समय कल्पना सो रही थीं। इसके बाद करीब 5:30 बजे जब उन्होंने देखा तो कल्पना घर की दूसरी मंजिल पर छत के कुंडे से साड़ी के सहारे फंदे पर लटकी हुई थीं। उन्होंने बताया कि घटना से पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच कोई झगड़ा नहीं हुआ था।
विजय प्रताप के अनुसार, घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने परिवार और आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
भांजे ने लगाया आए दिन विवाद होने का आरोप
वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका के बहन के बेटे रजत ने पारिवारिक विवाद को लेकर गंभीर बातें बताईं। रजत का आरोप है कि उसके मौसा विजय प्रताप शराब पीने के आदी हैं और इसी वजह से मौसी कल्पना के साथ आए दिन विवाद होता था।
रजत ने बताया कि करीब तीन दिन पहले भी मौसा ने मौसी का मोबाइल फोन छीन लिया था। उसके अनुसार, दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद होते रहे थे। हालांकि, घटना के समय वास्तव में क्या हुआ, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर भैरव घाट चौकी प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
फिलहाल महिला द्वारा फांसी लगाए जाने के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पति की ओर से किसी विवाद से इनकार किया गया है, जबकि मृतका के भांजे ने शराब की लत और दंपती के बीच अक्सर होने वाले विवाद का दावा किया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।