• Sat. Aug 15th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

क्लिनिक में बुखार पीड़ित महिला की मौत, झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप

ByTen News One Desk

Aug 5, 2026
17 Views

क्लिनिक में बुखार पीड़ित महिला की मौत, झोलाछाप पर लापरवाही का आरोप


टेन न्यूज़ ii 05 अगस्त 2026 ii मुनीश चन्द्र शर्मा

फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। बुखार से पीड़ित 40 वर्षीय महिला की मंगलवार को हरेली चौराहे स्थित एक निजी क्लिनिक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्लिनिक संचालक के मौके से चले जाने की बात सामने आई है। परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही और गलत इलाज का आरोप लगाया है, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की गंभीर हालत देखकर उसे बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई थी।

मृतका सुनीता (40), पत्नी मूलचंद्र, थाना क्षेत्र के गांव सरेंदा की रहने वाली थीं। वह कई दिनों से बुखार से पीड़ित थीं और अपने देवर छंगेलाल के साथ इलाज के लिए क्लिनिक पहुंची थीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, छंगेलाल महिला को क्लिनिक पर बैठाकर रुपये लेने के लिए घर चला गया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद वह शराब पीने लगा और काफी देर तक वापस नहीं लौटा। जब वह क्लिनिक पहुंचा, तब तक सुनीता की मौत हो चुकी थी, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर उचित इलाज मिलता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की हालत पहले से ही बेहद गंभीर थी और क्लिनिक संचालक ने इलाज शुरू करने के बजाय तत्काल किसी बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी।

घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम विकास कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!