गोवंश प्रकरण को लेकर सर्व हिंदू समाज का मौन जुलूस आज

टेन न्यूज़ !! १५ अप्रैल २०२६ !! रिपोर्ट: ब्यूरो रुपेश शर्मा, लोकेशन: अलवर (राजस्थान)
अलवर। शहर में गोवंश के साथ हुई अमानवीय घटना को लेकर सर्व हिंदू समाज में भारी रोष व्याप्त है। 9 अप्रैल को अग्रसेन सर्किल पर गोवंश के सिर काटकर फेंके जाने की घटना के बाद से लोगों में आक्रोश है। समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि मामले में अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
इसी के विरोध में सर्व हिंदू समाज द्वारा बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को प्रातः 10 बजे प्रताप ऑडिटोरियम से मौन जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचेगा, जहां कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, यह मौन जुलूस पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमी और समाज के लोग शामिल होंगे।
सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधि राजेश जोशी ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय का पालन करते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
समाज के लोगों का कहना है कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
