अलवर: गौ अवशेष मामले में सर्व समाज का मौन जुलूस, मिनी सचिवालय में जोरदार विरोध

टेन न्यूज़ !! १६ अप्रैल २०२६ !! लोकेशन: अलवर (राजस्थान) | ब्यूरो: रुपेश शर्मा
अलवर शहर के अग्रसेन सर्किल पर गाय के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस द्वारा किए गए खुलासे से सर्व समाज संतुष्ट नजर नहीं आ रहा है। इसी के विरोध में आज सर्व समाज के बैनर तले एक मौन जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ मिनी सचिवालय पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें मुख्य गेट पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग गेट पर विरोध करते हुए अंदर प्रवेश कर गए और परिसर में जमकर नारेबाजी की।
स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीएम ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनका ज्ञापन स्वीकार किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के दौरान सर्व समाज के प्रवक्ता प्रेम सिंह राजावत ने कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर है और जब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो जल्द ही अलवर बंद की घोषणा की जा सकती है।
घटनाक्रम के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, सर्व समाज ने भी स्पष्ट कर दिया है कि उनकी मांगों को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।
बाइट: प्रेम सिंह राजावत, प्रवक्ता
