• Sun. May 10th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

राष्ट्रीय लोक अदालत में 45,398 वादों का निस्तारण, वादकारियों के चेहरे पर खिली मुस्कान

ByTen News One Desk

May 10, 2026
4 Views

राष्ट्रीय लोक अदालत में 45,398 वादों का निस्तारण, वादकारियों के चेहरे पर खिली मुस्कान


टेन न्यूज़ ii 10 मई 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कन्नौज के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार झा, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश फूलचन्द्र पटेल, सचिव/न्यायाधीश अनुजा सिंह, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कार्यक्रम में गोमती इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं जनजागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में जनपद न्यायाधीश नरेन्द्र कुमार झा ने कहा कि लोक अदालत केवल वादों के निस्तारण का मंच नहीं, बल्कि समाज में सौहार्द, संवाद और आपसी समझ बढ़ाने का माध्यम भी है। उन्होंने हरिवंश राय बच्चन की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए आत्मचिंतन और संवाद को विवादों से बचने का सबसे प्रभावी माध्यम बताया।

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय कन्नौज के साथ-साथ बाह्य न्यायालय छिबरामऊ, ग्राम न्यायालय तिर्वा एवं विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों में भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर एवं रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। वहीं जेल प्रशासन द्वारा बंदियों के बनाए उत्पादों की प्रदर्शनी तथा जिला उद्योग विभाग द्वारा कन्नौज के प्रसिद्ध इत्र की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें लोगों ने खरीदारी की।

लोक अदालत में कुल 79,615 वाद संदर्भित किए गए, जिनमें से सुलह-समझौते के आधार पर 45,398 वादों का निस्तारण किया गया। न्यायालय स्तर पर 2,215 वाद निस्तारित कर 1 करोड़ 17 लाख 55 हजार 45 रुपये अर्थदंड वसूल किया गया, जबकि प्रशासनिक स्तर पर 43,183 वादों का निस्तारण कर 7 करोड़ 94 लाख 7 हजार 684 रुपये के आदेश पारित किए गए। कुल मिलाकर 9 करोड़ 11 लाख 62 हजार 729 रुपये की धनराशि आदेशित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!