• Mon. Apr 20th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर: झोलाछाप डॉक्टरों पर चला प्रशासन का डंडा, सात को नोटिस जारी

ByTen News One Desk

Jul 16, 2025
205 Views

तिलहर: झोलाछाप डॉक्टरों पर चला प्रशासन का डंडा, सात को नोटिस जारी



टेन न्यूज़ !! १६ जुलाई २०२५ !! अमुक सक्सेना, तिलहर (शाहजहांपुर)


डीएम के निर्देश पर मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के चिकित्साधीक्षक डॉ. ओमेंद्र राठौर ने तिलहर क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों, मेडिकल स्टोर्स और लैब पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान सात झोलाछाप चिकित्सकों को नोटिस जारी किए गए।

प्रशासन को लगातार मिल रही शिकायतों में बताया गया था कि क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध रूप से झोलाछाप डॉक्टर मरीजों का इलाज कर रहे हैं। डीएम के निर्देश पर डॉ. राठौर ने कार्रवाई करते हुए बिरसिंहपुर, खडसार और खैरपुर समेत अन्य क्षेत्रों में निरीक्षण किया।

छापेमारी की सूचना मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गए, इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 12 मेडिकल स्टोर और क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इनमें से सात स्थानों पर संचालकों के पास आवश्यक पंजीकरण नहीं मिला, जिस पर उन्हें तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का नोटिस जारी किया गया।

चिकित्साधीक्षक डॉ. राठौर ने बताया कि बिरसिंहपुर में 2, खडसार में 3 और खैरपुर में 2 मेडिकल स्टोर बिना पंजीकरण के संचालित पाए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों में जवाब नहीं मिला तो इन मेडिकल स्टोरों को सील कर डीएम कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!