तिलहर: कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर स्थापित, हरिद्वार से काशी जा रहे जत्थे का भव्य स्वागत
टेन न्यूज़ !! १६ जुलाई २०२५ !! अमुक सक्सेना, तिलहर (शाहजहांपुर)
सावन माह में शिव भक्तों की सेवा हेतु तिलहर में हाईवे स्थित एसके इंडस्ट्रीज परिसर में विशेष शिविर की स्थापना की गई है। शिविर में जलपान, विश्राम एवं प्राथमिक उपचार की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे हरिद्वार से काशी की ओर जा रहे कांवड़ यात्रियों को राहत मिले।
मंगलवार को गांव धनेला स्थित राइस मिल पर जब तिलहर नगर के 18 सदस्यीय कांवड़ यात्रा दल का जत्था वहां पहुंचा, तो शिविर आयोजकों ने भव्य स्वागत किया। वरिष्ठ भाजपा नेता व एसके इंडस्ट्रीज के स्वामी कमलेश गुप्ता पप्पू ने सभी शिव भक्तों का तिलक कर पुष्प वर्षा व दक्षिणा भेंट कर अभिनंदन किया।
कमलेश गुप्ता ने बताया कि पूरे सावन माह तक यह सेवा शिविर निरंतर चलेगा, जिसमें कांवड़ यात्रियों को विश्राम, जलपान और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यह सेवा शिवभक्तों के प्रति श्रद्धा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का प्रतीक है।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान राहुल गुप्ता, मोहित गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय भोले भक्त उपस्थित रहे और शिव नाम के जयकारे से माहौल भक्तिमय बना रहा।







