• Wed. Apr 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत ‘अटल सहजन वन’ की स्थापना, ग्राम तुर्कीखेड़ा में 25,000 सहजन पौधों का वृहद वृक्षारोपण

ByTen News One Desk

Jul 18, 2025
141 Views

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत ‘अटल सहजन वन’ की स्थापना, ग्राम तुर्कीखेड़ा में 25,000 सहजन पौधों का वृहद वृक्षारोपण



टेन न्यूज़ !! १८ जुलाई २०२५ !! डीपी सिंह डेस्क@शाहजहांपुर


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से जनपद शाहजहांपुर के विकास खंड भावलखेड़ा के ग्राम तुर्कीखेड़ा में “अटल सहजन वन” की स्थापना की गई। इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” एवं “पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ” महाअभियान के अंतर्गत एक साथ 25,000 सहजन के पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह के साथ फीता काटकर व भूमि पूजन कर किया। इस दौरान सहजन पौधों का सामूहिक रूप से रोपण भी किया गया।

विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से शुरू हुआ यह अभियान अत्यंत सराहनीय है। सहजन औषधीय गुणों से भरपूर पौधा है, जिसकी सब्जी पोषक तत्वों से भरपूर होती है। उन्होंने बताया कि “एक जनपद-एक नदी” योजना के अंतर्गत भैंसी नदी का पुनर्जीवन कर पर्यावरण संरक्षण को गति दी गई है।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा सहजन वन की तैयारियां छह माह पूर्व ही शुरू कर दी गई थीं। उन्होंने जनसामान्य से आह्वान किया कि विद्यालयों, पंचायत भवनों, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर भी पौधरोपण करें।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अटल सहजन वन की स्थापना में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों व समाजसेवियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहजन पौधा संपूर्ण औषधीय गुणों से युक्त है और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं आजीविका सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि अटल सहजन वन की स्थापना का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, पोषण संवर्धन एवं प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग को बढ़ावा देना है। भविष्य में इन पौधों से प्राप्त फल परिषदीय विद्यालयों के मध्यान्ह भोजन में उपयोग किए जाएंगे।

उन्होंने उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे ChatGPT जैसे डिजिटल साधनों से सहजन के लाभों की जानकारी प्राप्त करें और अपने ज्ञान को बढ़ाएं। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे “एक पेड़ माँ के नाम” अवश्य लगाएँ और उसकी देखभाल करें।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख राजाराम वर्मा, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह, जिला उद्यान अधिकारी पुनीत कुमार पाठक, उद्यान निरीक्षक अनिल कुमार, खंड विकास अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, ग्राम प्रधान श्रीमती पूनम देवी, रोजगार सेवक समेत कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजसेवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!