• Thu. Apr 23rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कटरा क्षेत्र में ट्रेन में मोबाइल पर बात कर रहे यात्री पर हमला, बदमाशों ने की लूटपाट

ByTen News One Desk

Jul 20, 2025
443 Views

कटरा क्षेत्र में ट्रेन में मोबाइल पर बात कर रहे यात्री पर हमला, बदमाशों ने की लूटपाट



सरजू यमुना एक्सप्रेस में वारदात, घायल युवक जिला अस्पताल रेफर, ट्रेन रोककर यात्रियों ने दी पुलिस को सूचना


टेन न्यूज़ !! २० जुलाई २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)


शनिवार सुबह सरजू यमुना एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक युवक के साथ लुटेरों ने मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूट ली। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया और यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। इस कारण अपलाइन पर आने वाली आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस को भी करीब 20 मिनट स्टेशन पर रोकना पड़ा।

घटना शनिवार तड़के लगभग 4:30 बजे की है। बिहार के वैशाली जिले के पराकोर गांव निवासी मुन्ना कुमार सरजू यमुना एक्सप्रेस से अंबाला (पंजाब) की ओर जा रहे थे। ट्रेन जब मीरानपुर कटरा रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रही थी, तभी वह खिड़की के पास मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने डंडे से हमला कर मुन्ना को नीचे गिरा दिया और लात-घूंसों से पीटते हुए मोबाइल व नकदी लूट ली।

घायल मुन्ना कुमार रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला। उनके साथ यात्रा कर रहे हीरालाल, मुकेश और पंचानन ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और रेलवे अधिकारियों तथा पुलिस को घटना की जानकारी दी। मुन्ना को मीरानपुर कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर किया गया।

हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के चलते यात्री दहशत में आ गए। पीड़ित मुन्ना के भतीजे हीरालाल ने बताया कि वे सभी काम की तलाश में अंबाला जा रहे थे और इस हमले के दौरान उनका सामान भी ट्रेन में छूट गया।

रेलवे स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद हनीफ ने बताया कि चेन पुलिंग की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस को कटरा स्टेशन पर 20 मिनट रोका गया, जिसे बाद में रवाना कर दिया गया।

रेलवे पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!