जनपद शाहजहांपुर में अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही
टेन न्यूज़ !! २१ जुलाई २०२५ !! डीपी सिंह डेस्क@शाहजहांपुर
जनपद शाहजहांपुर में आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त मेरठ जोन, मेरठ के दिशानिर्देश में उप आबकारी आयुक्त बरेली प्रभार, बरेली के मार्गदर्शन एवं जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में जनपद में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्यवाही की गई।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1, सदर सौरभ कुमार यादव एवं क्षेत्र-3, तिलहर के गिरिजेश द्वारा अपनी अधीनस्थ टीम के साथ प्रवर्तन टीम बरेली के आबकारी निरीक्षक दिनेंद्र सिंह एवं नीरज पाठक के सहयोग से क्षेत्र सदर के अजीजगंज, अब्दुल्लागंज व ककरकला में अवैध मद्यनिष्कर्षण के विरुद्ध दबिश दी गई।
दबिश के दौरान मौके से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई, वहीं लगभग 3 क्विंटल लहन मौके पर ही नष्ट किया गया।
स्थानीय नागरिकों को अवैध शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें वैध लाइसेंसी दुकानों से ही शराब क्रय करने की अपील की गई। साथ ही, अवैध मदिरा बिक्री या निर्माण की सूचना देने के लिए आबकारी विभाग के टोल-फ्री नंबर की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
अभियान का उद्देश्य जनपद को अवैध शराब के खतरे से मुक्त करना तथा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस प्रकार की कार्यवाहियां आगे भी सतत जारी रहेंगी।







