अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन का भव्य आगाज, सिटी पैलेस से दिया गया वैश्विक संदेश

टेन न्यूज़ !! ०८ जनवरी २०२६ !! रिपोर्ट : रुपेश शर्मा ब्यूरो
अलवर (राजस्थान)।
अलवर में वन्यजीव संरक्षण, फिटनेस और पर्यटन को एक साथ जोड़ने वाली अंतरराष्ट्रीय अलवर टाइगर मैराथन का औपचारिक शुभारंभ ऐतिहासिक सिटी पैलेस, अलवर में भव्य कार्यक्रम के साथ किया गया। यह आयोजन अलवर सांसद खेल उत्सव के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सरिस्का टाइगर रिजर्व के संरक्षण के साथ-साथ अलवर को अंतरराष्ट्रीय खेल और पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है।
कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा,
बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा, प्रशासनिक अधिकारी, खेल व वन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर अभिनेता रणदीप हुड्डा को अलवर टाइगर मैराथन का ब्रांड एम्बेसडर घोषित किया गया और उनके साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि यह मैराथन केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, टाइगर अवेयरनेस और स्वस्थ भारत की दिशा में एक मजबूत पहल है। वन मंत्री संजय शर्मा ने इसे इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने वाला कार्यक्रम बताया।
आयोजकों ने बताया कि 8 फरवरी को आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय मैराथन में देश-विदेश के धावक विभिन्न श्रेणियों में भाग लेंगे, जिससे हर आयु वर्ग को सहभागिता का अवसर मिलेगा। टेन न्यूज़ के लिए अलवर से रुपेश शर्मा की रिपोर्ट










