सरस्वती शिशु मंदिर में 25वां सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पाठ, भक्तिमय हुआ वातावरण
टेन न्यूज़ ii 03 फरवरी 2026 ii मुनीश चंद्र शर्मा,
फतेहगंज पूर्वी/बरेली।
नगर के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में 25वां सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक लाभ प्राप्त किया।
आयोजन आरएसएस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद शर्मा के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत देव पूजन एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा का सस्वर पाठ हुआ। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया।
कार्यक्रम में चेयरमैन संजय पाठक, पवन राज मिश्रा, डॉ. यशपाल सिंह रामू, शिवनंदन शर्मा, विनीता शर्मा, अतुल, रामाधार गुप्ता, सूर्यकांत मिश्रा, मुनीश शर्मा, पंकज अग्रवाल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी, पुरोहित, विभिन्न विद्यालयों के आचार्यगण तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
आयोजकों ने बताया कि संघ द्वारा प्रत्येक मंगलवार को नगर के विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर में यह 25वां आयोजन था, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर जारी रहेंगे।






