होली व ‘बड़े लाट साहब’ जुलूस को कोतवाली सदर लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
टेन न्यूज़ ii 04 फरवरी 2026 ii डेस्क न्यूज, शाहजहाँपुर,
आगामी त्योहारों तथा होली पर निकलने वाले पारंपरिक ‘बड़े लाट साहब’ जुलूस को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना कोतवाली परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (ई) तथा क्षेत्राधिकारी नगर की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इसमें थाना पुलिस के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, धर्मगुरुओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने त्योहारों के समय आपसी सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि होली का पर्व और बड़े लाट साहब का जुलूस क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान हैं, जिन्हें आपसी सहयोग और समझदारी से शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उपस्थित सम्भ्रांत व्यक्तियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें और किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव की स्थिति उत्पन्न न होने दें।
अधिकारियों ने अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेशों पर ध्यान न दिया जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने के लिए कहा गया। जुलूस मार्ग, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में यह भी आश्वस्त किया गया कि जनपद पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, निगरानी और समन्वय की प्रभावी व्यवस्था की जाएगी, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।





