गाजियाबाद में दरोगा को ब्लैकमेल करने का आरोप, महिला गिरफ्तार
टेन न्यूज ii 06 फरवरी 2026 ii डेस्क न्यूज़,
गाजियाबाद। जिले में एक दरोगा को कथित रूप से ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार एक महिला पर आरोप है कि उसने पहले दरोगा से नजदीकी बढ़ाई, फिर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर समझौते के नाम पर बड़ी रकम की मांग की।
जांच में सामने आया है कि महिला ने कथित तौर पर 35 लाख रुपये की मांग की थी।
आरोप है कि तीन लाख रुपये नकद और 20 हजार रुपये ऑनलाइन ले भी लिए गए। पुलिस का कहना है कि पैसे न मिलने पर महिला ने दरोगा और उनके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने तथा नौकरी से निकलवाने की धमकी दी।
मामले की जानकारी दरोगा की पत्नी को होने पर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने रेखा त्यागी नाम की महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






