दो किलोग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, झारखंड से पंजाब ले जा रहे थे खेप

टेन न्यूज़ !! १९ फरवरी २०२६ !! अमुक सक्सेना, तिलहर-शाहजहांपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तिलहर पुलिस, जनपदीय एसओजी व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने दो अभियुक्तों को करीब दो किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में बैजनाथ पुत्र रामदयाल (उम्र लगभग 68 वर्ष) निवासी ग्राम खनपुरा थाना तिलहर तथा अनिल पुत्र रघुनाथ (उम्र लगभग 30 वर्ष) निवासी ग्राम नवादा रूद्रपुर थाना मदनापुर शामिल हैं। दोनों को अग्रवाल होटल के सामने हाईवे से गिरफ्तार किया गया।
जामातलाशी के दौरान बैजनाथ के पास से एक पारदर्शी प्लास्टिक पन्नी में लगभग एक किलोग्राम अफीम तथा नोकिया कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं अनिल के पास से भी लगभग एक किलोग्राम अफीम, आईटेल कंपनी का कीपैड मोबाइल फोन और 660 रुपये नकद बरामद किए गए।
इस संबंध में थाना तिलहर पर मु0अ0सं0 83/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अफीम झारखंड से लाकर पंजाब बेचने जा रहे थे। बैजनाथ ने बताया कि उसके दो बेटे जेल में बंद हैं और उनकी जमानत के लिए रुपये जुटाने के उद्देश्य से तस्करी कर रहा था, जबकि अनिल ने परिवार के पालन-पोषण के लिए यह कार्य करने की बात स्वीकार की।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।






