• Thu. Apr 23rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कटरा-जलालाबाद मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार सभासद का पुत्र गम्भीर घायल

ByTen News One Desk

Mar 8, 2026
82 Views

कटरा-जलालाबाद मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार सभासद का पुत्र गम्भीर घायल


टेन न्यूज ।। 08 मार्च 2026 ।। पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)।
कटरा-जलालाबाद राज्यमार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार मारुति कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसके दाएं पैर का पंजा कट गया। घायल युवक को परिजन उपचार के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के पूर्व सदस्य छेदा का पुत्र निर्भान उर्फ इरफान (28) मदनापुर के सुपर मार्केट में मोबाइल की दुकान चलाता है। शनिवार को वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर बाइक से मीरानपुर कटरा स्थित अपने घर लौट रहा था।

बताया जा रहा है कि जैसे ही वह थाना क्षेत्र के जलालाबाद रोड स्थित खैरपुर चौराहे के पास पहुंचा, तभी कटरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार मारुति कार ने सामने से उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इरफान सड़क पर दूर जा गिरा। हादसे में उसके दाएं पैर का पंजा कट गया, जबकि दूसरे पैर और एक हाथ में भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर व आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत घायल युवक को संभाला और उसके परिजनों को सूचना दी। कुछ लोगों ने सड़क पर यातायात भी नियंत्रित किया, ताकि घायल को जल्द से जल्द उपचार के लिए भेजा जा सके।

सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल निर्भान उर्फ इरफान को आनन-फानन में उपचार के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त मारुति कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कार चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!