फर्रुखाबाद में डिजिटल जनगणना 2027 को लेकर बैठक आयोजित

टेन न्यूज़ !! 11 मार्च 2026 !। तौफीक फारुकी ब्यूरो, फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में भारत की पहली डिजिटल जनगणना 2027 को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने की। यह बैठक सायं लगभग 4 बजे शुरू हुई, जिसमें जनगणना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी जनगणना पारखी भार्गव ने बताया कि देश में पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना कराई जा रही है। इस कार्य में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न कराई जाएगी।
पहले चरण में मकान गणना की जाएगी, जो मई और जून माह में होगी। इसके बाद दूसरे चरण में जनगणना का कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण पहले ही पूरा हो चुका है और जल्द ही फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा।
बैठक में सभी तहसीलों के लेखपालों को जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही सभी नगर निकायों के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया। अधिकारियों को बताया गया कि किसी भी गांव के दो मजरों को मिलाकर एक खंड बनाया जा सकता है, लेकिन नगर क्षेत्र के दो वार्डों को एक खंड में शामिल नहीं किया जा सकता।
इसके अलावा यह भी निर्देश दिए गए कि यदि किसी क्षेत्र के बीच में सड़क या नदी है तो उसे नक्शे में काटा नहीं जाएगा, बल्कि दोनों हिस्सों को अलग-अलग खंड के रूप में रखा जाएगा। पहले कागज पर भौतिक रूप से नक्शा तैयार किया जाएगा और उसी आधार पर कंप्यूटर में डिजिटल नक्शा बनाया जाएगा।
बैठक के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ज्योति चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






