अवैध असलहों के साथ दो युवक पकड़े गए, ग्रामीणों ने पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा

टेन न्यूज़ !! ११ मार्च २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो, रायबरेली। जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता से अवैध असलहों के साथ घूम रहे दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया और गुस्से में उनकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूरे राई गांव का मामला
जानकारी के अनुसार घटना नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे राई गांव की है। बताया जा रहा है कि दो युवक क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे थे। उनकी गतिविधियों पर शक होने पर ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
तलाशी में मिले अवैध हथियार
ग्रामीणों ने जब दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से अवैध असलहे बरामद हुए। हथियार मिलने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर ही दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी।
पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर नसीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से मिले अवैध हथियारों को भी जब्त कर लिया है।
बड़ी वारदात की आशंका की जांच
पुलिस अब पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे या उनके पीछे कोई गिरोह सक्रिय तो नहीं है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।






