अजीतमल में जाम से लोग परेशान, एंबुलेंस व स्कूली बसें फंसी सुरक्षा व्यवस्था नदारद प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

टेन न्यूज़ !! १३ मार्च २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के कस्बे में लगने वाले रोजाना जाम से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहर के समय जब विद्यालयों की छुट्टी होती है, तब सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और पूरे कस्बे की यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। इस दौरान बच्चों से भरी स्कूली बसें, ई-रिक्शा, बाइक और चार पहिया वाहन एक साथ सड़कों पर आ जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
आए दिन कस्बे के मुख्य मार्गों पर भारी जाम आम बात हो गई है। बच्चों को ले जा रही कई स्कूली बसें और मरीजों को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में फंसी रहीं। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे लोगों को लंबे समय तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में जाम की समस्या नई नहीं है। मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण, सड़क किनारे अव्यवस्थित वाहन पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था की कमी के कारण यह समस्या लगातार बनी रहती है। कई बार व्यापारियों और राहगीरों द्वारा प्रशासन को इस समस्या से अवगत भी कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। जाम में उपजिलाधिकारी निखिल राजपूत की गाड़ी भी कुछ समय के लिए फंस गई।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी ने बताया कि जाम की समस्या से क्षेत्राधिकारी पुलिस विभाग को अवगत कराया जाएगा और जल्द ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि कस्बे के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।






