दहेज विवाद दर्ज मामले में गिरफ्तारी के बाद हुआ समझौता, मंदिर में रचाई शादी
पुलिस परीक्षा के दौरान युवक गिरफ्तार, कोतवाली में बातचीत के बाद दोनों परिवार हुए राजी
टेन न्यूज़ ii 17 मार्च 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर एक शादी टूटने पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था जिसमें आरोपी की तलाश जारी थी, जिसका बीते रविवार को अनोखा और सुखद अंत देखने को मिला।
दहेज प्रतिरोध अधिनियम में वांछित आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कोतवाली में लंबी वार्ता हुई, जिसके बाद आपसी सहमति से समझौता हो गया। समझौते के बाद कस्बा अजीतमल स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में युवक-युवती का विवाह धूमधाम से संपन्न कराया गया। यह शादी 8 मार्च को होनी थी, जो अतिरिक्त दहेज विवाद के कारण रिश्ता टूट गया था,
मामला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला सिमर निवासी लाल सिंह ने अपनी पुत्री नेहा गौतम का विवाह इटावा जनपद के महेवा निवासी आकाश प्रताप सिंह के साथ तय किया था। दोनों का विवाह 8 मार्च 2026 को अजीतमल बाईपास स्थित गणेश धाम अनंतराम गेस्ट हाउस में होना था।
लड़की पक्ष का आरोप था कि शादी तय करते समय लड़का पक्ष ने पहले 25 लाख रुपये दहेज की मांग की थी। बाद में बातचीत के बाद 20 लाख रुपये नकद, जेवरात और घरेलू सामान देने पर सहमति पर शादी तय हो गई थी।
आरोप है कि विवाह की तिथि नजदीक आने पर लड़का पक्ष ने अतिरिक्त पांच लाख रुपये, एक अर्टिगा कार, घरेलू सामान और सोने की अंगूठियों की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर लड़का पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया था।
मामले को लेकर शादी से इंकार और कथित धोखाधड़ी के बाद लड़की के पिता लाल सिंह ने अजीतमल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था,
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 86/2026 में धारा 352, 351(2) बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिरोध अधिनियम के तहत आकाश प्रताप सिंह, देवेंद्र सिंह सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
उपनिरीक्षक भर्ती की परीक्षा देने पहुंचे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था,
बताया गया कि 14 मार्च को आकाश प्रताप सिंह उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा देने के लिए फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचा था। इसकी सूचना लड़की के पिता द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर कोतवाली अजीतमल ले आई।
गिरफ्तारी के बाद समझौते का प्रयास किया गया,
गिरफ्तार आरोपी की सूचना मिलते ही लड़की पक्ष के परिजन और रिश्तेदार भी कोतवाली पहुंच गए। जहां दोनों पक्षों के बीच देर रात तक बातचीत का दौर चलता रहा। रविवार सुबह फिर से वार्ता हुई, जिसमें समाज के कुछ लोगों और परिजनों की मौजूदगी में दोनों पक्ष समझौते पर सहमत हो गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि दहेज को लेकर शादी से इनकार किए जाने के संबंध में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कुछ भले लोगों की मध्यस्थता से दोनों पक्षों के बीच बातचीत से सुलह समझौता हो गया है और आपसी सहमति से दोनों परिवार विवाह के लिए तैयार हो गए हैं।
समझौते के बाद कोतवाली में लड़की के पिता लाल सिंह ने लिखित रूप से सुलहनामा देते हुए बताया कि अब दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाह करने के लिए तैयार हैं और वह मुकदमे में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। वहीं लड़के के पिता देवेंद्र सिंह ने भी लिखकर दिया कि उन्हें शादी से कोई आपत्ति नहीं है और वे खुशी से विवाह के लिए तैयार हैं।
सुलह,समझौता होने के बाद रविवार देर शाम कस्बा अजीतमल स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में भगवान को साक्षी मानकर आकाश प्रताप सिंह और नेहा गौतम का विवाह दोनों परिवारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न कराया गया। विवाह के दौरान परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और नवदंपति को आशीर्वाद दिया। दोनों परिवारों ने बताया कि सोमवार को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोर्ट मैरिज भी कराई जाएगी।
शादी के दौरान राघवेंद्र कुमार, चंद्रशेखर, श्रीकृष्ण, राजेश कुमार, गोविंद सिंह, रामशंकर, विमल सिंह, रमेश चंद, अरविंद सिंह,पंचम सिंह, लाल बहादुर,रामगोपाल,नीरज कुमार और रामजी सहित कई लोग गवाह के रूप में मौजूद रहे। इस पूरे घटनाक्रम की क्षेत्र में काफी चर्चा रही और लोगों ने इसे समझदारी और सामाजिक पहल से सुलझा हुआ मामला बताया है ll






