नव निर्माण के 9 वर्ष: कन्नौज में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, प्रभारी मंत्री ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

टेन न्यूज़ !! २१ मार्च २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज (उत्तर प्रदेश)। “नव निर्माण के नौ वर्ष, विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” अभियान के तहत कन्नौज कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए गए। कार्यक्रम में प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी ने पहुंचकर योजनाओं का अवलोकन किया।
इस दौरान बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से गोद भराई कार्यक्रम एवं बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चलो अभियान और मिड-डे मील योजना के तहत कठपुतली कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसकी मंत्री ने सराहना की।
कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश “ग्रोथ इंजन” के रूप में देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के 11 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 18 से 26 मार्च तक नौ दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में प्रदेश में कानून-व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचा, कृषि, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुआ है। वर्ष 2016 की तुलना में डकैती, लूट, हत्या और अपहरण जैसी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है।
उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090 और एंटी रोमियो स्क्वॉड के माध्यम से महिला सुरक्षा को मजबूत किया गया है। साथ ही स्वयं सहायता समूहों से 1.06 करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट धरातल पर उतर चुके हैं और 60 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा एमएसएमई हब बन चुका है।
उन्होंने बताया कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और 49 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किए गए हैं।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
टेन न्यूज कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट





