अनियंत्रित कार दीवार तोड़कर मकान में घुसी एक की मौत, एक युवक गंभीर रूप से घायल
टेन न्यूज़ ii 23 मार्च 2026
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
*औरैया।* फफूंद थाना क्षेत्र के गांव तुलसीपुर में देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अनियंत्रित काली कार ने पहले दो लोगों को टक्कर मारी और फिर एक मकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई। तुलसीपुर गांव की मुख्य सड़क पर हुई घटना से 52 वर्षीय हाकिम पुत्र सेवाराम की मौत हो गई, और 20 वर्षीय विजय पुत्र लाल सिंह का इलाज जारी है, दिनों लोग सड़क किनारे खड़े थे। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित काले रंग की कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार की गति और तेज हो गई और वह सड़क किनारे स्थित प्रताप नामक व्यक्ति के घर की करीब 10 फीट ऊंची दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस पहुंचने में देरी होने के कारण, ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को एक निजी कार से सैफई के लिए रवाना कर दिया। घटनास्थल पर थाना की 112 पीआरवी पहले पहुंची, जिसके बाद एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची।
घायलों को सैफई आयुर्वेदिक संस्थान सैफई में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। देर रात करीब 3 बजे गंभीर रूप से घायल हाकिम पुत्र सेवाराम (52) ने दम तोड़ दिया। इस दुखद खबर से गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। विजय पुत्र लाल सिंह (20) का उपचार जारी है।
मृतक हाकिम सिंह तुलसीपुर के निवासी थे और दस साल पहले दिल्ली में एमटीएनएल टेलीफोन विभाग में कार्यरत थे। वह 14 मार्च को अपने छोटे भाई शिवपाल की बेटी की शादी में शामिल होने दिल्ली से गांव आए थे।
हाकिम सिंह अपने पीछे पत्नी प्रेमलता, तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी प्रेमलता का भी रो-रो कर बुरा हाल है।






