कटरा के नगरिया में शहीदों के अपमान के विरोध में पुतला दहन, उच्च स्तरीय जांच की मांग
टेन न्यूज़ ii 25 मार्च 2026 ii पप्पू अंसारी, कटरा
शाहजहांपुर के नगरिया कटरा क्षेत्र में शहीद दिवस के अवसर पर भारतीय कृषक दल के कार्यकर्ताओं ने शहीदों के कथित अपमान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों का पुतला फूंककर अपना आक्रोश प्रकट किया और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष भानु प्रताप गंगवार ने किया। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नगरिया स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां सभी ने एकजुट होकर शहीदों के सम्मान में नारे लगाए और उनके अपमान को अक्षम्य अपराध बताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि देश के वीर शहीदों का अपमान किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन भी भेजा गया, जिसमें मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की गई। साथ ही दोषियों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह जैसी गंभीर धाराओं में कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई।
जिला अध्यक्ष भानु प्रताप गंगवार ने कहा कि यदि समय रहते दोषियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो भारतीय कृषक दल व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी शहीदों के सम्मान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है।
कार्यक्रम के दौरान गगनभेदी नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।






