अजीतमल कोतवाली क्षेत्रगत मुकदमा वापस लेने का दबाव, जान से मारने की धमकी—पीड़िता ने मांगी सुरक्षा
टेन न्यूज़ ii 31 मार्च 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दलेलनगर में मारपीट के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। गांव निवासी शिफा पत्नी अनीश ने आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी उन पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार 24 मार्च को गांव के कुछ लोगों के साथ उनका विवाद और मारपीट हुई थी, जिसके बाद उनकी तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब वही आरोपी मामले को रफा-दफा करने के लिए दबाव बना रहे हैं, जिससे परिवार में भय और दहशत का माहौल है।
शिफा ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि धमकियों के चलते उनका परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित पक्ष को हर संभव सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।






