“स्कूल चलो अभियान” की भावनात्मक शुरुआत: बच्चों के स्वागत से गूंजे विद्यालय, मंत्री खन्ना ने दिलाई शिक्षा की अहमियत
टेन न्यूज़ ii 01 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर
नवीन शैक्षिक सत्र के पहले दिन जनपद में ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ बेहद उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच हुआ।
उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कलेक्ट्रेट परिसर से अभियान की एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन गांव-गांव जाकर अभिभावकों को बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करेगी।
विद्यालयों में बच्चों का स्वागत विशेष अंदाज में किया गया। रोली-तिलक, पुष्प वर्षा और मिष्ठान वितरण के साथ छात्रों का अभिनंदन किया गया, जिससे उनके चेहरे खिल उठे और स्कूल के प्रति अपनापन बढ़ा।
इस अवसर पर मंत्री खन्ना ने कहा कि “शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो किसी भी समाज और राष्ट्र की दिशा एवं दशा तय करती है।” उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे हर हाल में अपने बच्चों को स्कूल भेजें, क्योंकि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और हर बच्चे के सपनों को साकार किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय हथौड़ा के बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने बताया कि यह अभियान केवल नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का एक व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।
इस मौके पर एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा, एसडीएम प्रियंका, पूर्व मंत्री सुरेंद्र बाल्मीकि समेत कई अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर ‘स्कूल चलो अभियान’ को सफल बनाने का संकल्प लिया।
