कन्नौज में भाकियू का आमरण अनशन, नौ सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

टेन न्यूज़ !! ०३ अप्रैल २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज (उत्तर प्रदेश)। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन व धरना प्रदर्शन कर अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद किसानों ने प्रधानमंत्री भारत सरकार नई दिल्ली, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन लखनऊ तथा प्रशासनिक अधिकारी राजीव हजेला को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता हरगोविंद सिंह कुशवाहा ने की, जबकि संचालन रामशरण बाबा ने किया। जिला अध्यक्ष वीरभान सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसान कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे और मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में किसानों ने कहा कि सरकार द्वारा यूरिया की बोरी का वजन 50 किलो से घटाकर 45 किलो कर दिया गया है, जिसे पुनः 50 किलो किया जाए। किसानों पर लगाए गए जीएसटी को समाप्त करने तथा बिजली विभाग के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा ट्रेनों में समाप्त की गई वृद्धावस्था आरक्षण सुविधा को बहाल करने की मांग की गई।
किसानों ने ग्राम पंचायत तेरारागी में वर्ष 1997 में बंजर भूमि पर स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थल की जमीन पर की गई कथित अवैध बाउंड्री को हटवाकर भूमि को मुक्त कराने की मांग भी रखी।
फतेहपुर जसोदा हाईवे के सर्विस रोड व नाले का अधूरा निर्माण कार्य पूरा कराने, कृषि रक्षा इकाई पर समय-समय पर बीज उपलब्ध कराने, शीतगृहों में आलू का भाड़ा एक समान लागू करने तथा ग्राम खनियापुर में ईसन नदी पर पुल निर्माण की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट।
