किडनी पीड़ित बेटी के इलाज के लिए आगे आई नेक कमाई फाउंडेशन

टेन न्यूज़ !! ०८ अप्रैल २०२६ !! अलवर, राजस्थान | ब्यूरो – रुपेश शर्मा
अलवर में एक बार फिर मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली है। नेक कमाई फाउंडेशन ने एक जरूरतमंद परिवार की विवाहिता बेटी के गंभीर उपचार के लिए ₹51,000 की आर्थिक सहायता प्रदान कर सराहनीय पहल की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता का प्रसव के दौरान गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी दौरान कथित रूप से गलत रक्त चढ़ाए जाने के कारण उसकी दोनों किडनी खराब हो गईं। अचानक आई इस गंभीर स्थिति से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वर्तमान में पीड़िता का इलाज पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, रोहतक में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
गौरतलब है कि यही बेटी पिछले वर्ष आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण विवाह में भी कठिनाई झेल रही थी। उस समय भी नेक कमाई फाउंडेशन ने आगे आकर उसका कन्यादान करवाया था। अब पुनः संकट की घड़ी में संस्था ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आर्थिक सहयोग प्रदान किया है।
सहायता राशि दैनिक भास्कर अलवर के यूनिट हेड पंकज अग्रवाल, संस्था के संरक्षक दौलत राम हजरती, मुख्य कोऑर्डिनेटर अभिषेक तनेजा तथा फोटोग्राफर बॉबी नरूला द्वारा पीड़िता की माँ को सौंपी गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पीड़िता के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि नेक कमाई फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाना है। समाज के सहयोग से ही इस प्रकार के मानवीय कार्य संभव हो पाते हैं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आएं।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि समाज में आज भी संवेदनशील लोग मौजूद हैं, जो दूसरों के दुख में सहभागी बनकर उम्मीद की नई किरण जगाते हैं। सभी ने मिलकर पीड़िता के स्वस्थ एवं सुखद भविष्य के लिए दुआ की।
