• Tue. May 26th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

झोपड़ी में भीषण आग, भैंस की मौत; लाखों का नुकसान, मुआवजे की मांग

ByTen News One Desk

Apr 10, 2026
33 Views

झोपड़ी में भीषण आग, भैंस की मौत; लाखों का नुकसान, मुआवजे की मांग


टेन न्यूज़ ii 10 अप्रैल 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो, औरैया: जनपद के बेला थाना क्षेत्र के ग्राम डभारी में गुरुवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने एक परिवार की आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया। आग की चपेट में आकर झोपड़ी, परचून की दुकान और पशुधन सहित लाखों रुपये का नुकसान हो गया।

पीड़ित श्याम चंद सविता पुत्र गुरुदयाल के अनुसार घर के बाहर बनी झोपड़ी में संचालित परचून की दुकान में अचानक आग लग गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस और थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

आग में झोपड़ी व दुकान का पूरा सामान जलकर राख हो गया। पास में बने दो अन्य छप्पर भी आग की चपेट में आ गए, जहां बंधे पशुओं में एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक भैंस और तीन पड़िया गंभीर रूप से झुलस गईं।

घटना में 12 बोरी गेहूं, एक मोटरसाइकिल, फील्ड मार्शल इंजन, नगदी और अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 7 से 8 लाख रुपये आंका गया है।

फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत भैंस का पोस्टमार्टम कराया और घायल पशुओं का उपचार किया।

घटना की सूचना पर पहुंचे लेखपाल विमलेश सिंह ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता व मुआवजे की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!