खुदागंज में अवैध पैथोलॉजी लैबों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, मची अफरा-तफरी
टेन न्यूज ii 10 अप्रैल 2026 ii नरेश सक्सेना, खुदागंज शाहजहांपुर
प्रशासन ने दिखाई सख्ती, कई लैबों पर लटका ताला
खुदागंज। क्षेत्र में लंबे समय से चल रही अवैध पैथोलॉजी लैबों और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई लैबों को बंद करा दिया।
यह कदम तब उठाया गया जब खुसरो मेल अखबार ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया, जिसके बाद विभाग हरकत में आया।
कटरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के प्रभारी डॉ. फैजान के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खुदागंज में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान इलाहाबाद पैथोलॉजी लैब, ग्रीन पैथोलॉजी लैब, डॉक्टर लाल पैथोलॉजी लैब और इंडियन पैथोलॉजी लैब को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया।
जांच के दौरान किसी भी लैब संचालक द्वारा आवश्यक पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी लैबों पर ताला जड़ दिया।
विभाग ने संबंधित संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे तीन दिन के भीतर अपने पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करें। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि तय समय सीमा के भीतर कागजात न देने पर इन लैबों को स्थायी रूप से सील कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि खुदागंज क्षेत्र में लंबे समय से बिना पंजीकरण के कई पैथोलॉजी लैब और झोलाछाप डॉक्टर सक्रिय थे। लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया में प्रकाशित खबरों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने यह सख्त कदम उठाया।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कई अवैध रूप से संचालित क्लीनिक और लैब संचालक अपनी दुकानें बंद कर मौके से भागते नजर आए।
सीएचसी प्रभारी डॉ. फैजान ने बताया कि जांच के दौरान किसी भी लैब के पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान जारी रहेगा।
