“अलवर में जनसेवा की नई मिसाल” रेड क्रॉस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर पेश की रिपोर्ट
टेन न्यूज़ ii 14 अप्रैल 2026 ii अलवर (राजस्थान)। ब्यूरो रुपेश शर्मा
जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला से आज मिनी सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अलवर के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर बधाई प्रेषित की। प्रतिनिधिमंडल ने बुद्ध विहार के डी-ब्लॉक पार्क में राजस्थान की पहली हाईटेक पार्क लाइब्रेरी “विधा कुंज” की स्थापना पर पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
प्रतिनिधिमंडल में रेड क्रॉस अलवर के चेयरमैन डॉ. एस.सी. मित्तल, सेक्रेटरी डॉ. रूप सिंह एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस इंडिया अलवर के चेयरमैन गिरीश गुप्ता शामिल रहे। उन्होंने लाइब्रेरी को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक पुस्तकें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही बच्चों के लिए केरम, शतरंज, लूडो जैसे खेल भी उपलब्ध कराने की बात कही।
इस दौरान इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी एवं REC Limited� के संयुक्त तत्वावधान में संचालित 5 मेडिकल मोबाइल यूनिट्स की 6 माह की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, इन यूनिट्स ने अलवर, राजगढ़, रामगढ़, खैरथल-तिजारा और बहरोड़-कोटपुतली क्षेत्रों में हजारों मरीजों का निःशुल्क उपचार किया। इसमें आंखों के मरीज, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, एनीमिया सहित सामान्य बीमारियों के मरीजों की जांच और दवाइयां मुफ्त वितरित की गईं।
साथ ही सांसद खेल उत्सव और मैराथन जैसे आयोजनों में रेड क्रॉस के योगदान की भी जानकारी दी गई। कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने इस कार्य की सराहना करते हुए आगे भी जनसेवा के कार्यों में सहयोग जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने सोलर प्लांट को बढ़ावा देने और “विधा कुंज” लाइब्रेरी को जनसहभागिता से सफल बनाने पर जोर दिया।
यह मुलाकात जनसेवा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में समन्वय की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।
