बाइक से निकली चिंगारी से गेहूं के खेतों में लगी आग, कई बीघा फसल जलकर राख
टेन न्यूज़ ii 20 अप्रैल 2026 ii रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। फफूँद थाना क्षेत्र के गाँव आधासी और भर्रापुर के बीच बम्बा के पास एक बाइक से निकली चिंगारी ने गेहूं के खेतों में भीषण आग लगा दी, जिससे किसानों की कई बीघा फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और किसान बदहवास हो उठे।
जानकारी के अनुसार ध्रुव यादव (ग्राम बल्लापुर) की लगभग 1 बीघा, दिनेश (ग्राम आधासी) की करीब 3 बीघा, तथा शुभम मिश्रा और रामसुख (ग्राम आधासी) की फसल आग की चपेट में आकर नष्ट हो गई। इसके अलावा पुष्पेंद्र, देवेंद्र और धर्मेंद्र (पुत्र अरविंद, ग्राम आधासी) की भी करीब 1 बीघा फसल जल गई।
बताया जा रहा है कि खेत के पास खड़ी एक बाइक से अचानक चिंगारी निकली, जिसने सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे किसान संभल भी नहीं सके।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक अधिकांश फसल जलकर राख हो चुकी थी। इस दौरान खेत में खड़ी एक बाइक भी पूरी तरह जल गई।
घटना के बाद प्रभावित किसानों में भारी मायूसी है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
