• Tue. Apr 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

“अलवर में हवाई हमले का मॉक ड्रिल: सायरन, ब्लैकआउट और रेस्क्यू ऑपरेशन से परखी गई तैयारियां”

ByTen News One Desk

Apr 21, 2026
14 Views

“अलवर में हवाई हमले का मॉक ड्रिल: सायरन, ब्लैकआउट और रेस्क्यू ऑपरेशन से परखी गई तैयारियां”


टेन न्यूज़ ii 21 अप्रैल 2026 ii रुपेश शर्मा ब्यूरो, अलवर/
राजस्थान

अलवर। नागरिक सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में हवाई हमले की आपात स्थिति से निपटने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान ड्रोन हमले की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान शाम 6:30 बजे नियंत्रण कक्ष से हवाई हमले की सूचना प्रसारित की गई और सायरन बजाकर नागरिकों को सतर्क किया गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा विभाग, अग्निशमन दल, एम्बुलेंस, सिविल डिफेंस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

कॉलेज परिसर को खाली कराया गया, आग पर काबू पाया गया और घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, उपकरणों की कार्यक्षमता और रेस्पॉन्स टाइम की भी जांच की गई।

जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारियों को परखना है। उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों को जल्द ही दूर किया जाएगा।

मॉक ड्रिल में चेतावनी प्रणाली, हॉटलाइन और रेडियो लिंक, नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली, मेडिकल और अग्निशमन सेवाओं सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। वहीं मेडिकल टीम ने घायलों की गंभीरता के आधार पर श्रेणीकरण कर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।

ड्रिल के बाद शाम 7:45 बजे से 8 बजे तक कॉलेज के आसपास के क्षेत्रों में ब्लैकआउट का पूर्वाभ्यास भी किया गया। कर्मचारी कॉलोनी, अशोक विहार और रेलवे पुलिया के आसपास के नागरिकों ने स्वेच्छा से अपने घरों, दुकानों और वाहनों की लाइट बंद कर प्रशासन का सहयोग किया।

इस ब्लैकआउट का उद्देश्य नागरिकों को हवाई हमले की स्थिति में सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना था। प्रशासन ने सायरन और सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी पूर्व सूचना भी दी थी।

इस दौरान एडीएम बीना महावर, एडीएम योगेश डागुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रियंका, सीईओ जिला परिषद सालुखे गौरव रवीन्द्र, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा और कॉलेज प्राचार्य डॉ. अशोक आर्य सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!