कटरा में उपचुनाव से पहले हाई अलर्ट: डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश
टेन न्यूज़ ii 02 मई 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क @पप्पू अंसारी
लोकेशन: शाहजहांपुर |
शाहजहांपुर जनपद के कटरा में आगामी नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर जनपद में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को थाना कटरा क्षेत्र में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से निर्वाचन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों (बूथों) और स्ट्रांग रूम का बारीकी से जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप एवं बैठने की व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर किया जाए। साथ ही उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की विशेष निगरानी की जाए।
उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
स्ट्रांग रूम के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था, सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी और 24 घंटे निगरानी प्रणाली का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित मानकों के अनुरूप चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि आगामी नगर पंचायत उपचुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए हर स्तर पर कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
