फर्रुखाबाद में सपा की ताकत बढ़ी, दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने थामा ‘साइकिल’ का साथ
टेन न्यूज़ ii 03 मई 2026 ii तौफ़ीक़ फारुकी ब्यूरो, फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में संगठन को मजबूत करने की रणनीति के साथ सपा को बड़ा जनसमर्थन मिला। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष मुन्ना यादव ने किया।
बैठक के दौरान दो दर्जन से अधिक लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें गैसिंगपुर के प्रधान शरद राठौर (मोनू) के बेटे विशाल सिंह राठौर और प्रशांत सिंह राठौर अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए, जिससे खासतौर पर मोहम्मदाबाद क्षेत्र में पार्टी की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
संगठन विस्तार के तहत देवरामपुर के प्रधान पवन कठेरिया को सदर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जिला नेतृत्व का सीधा संपर्क कार्यकर्ताओं से बनाए रखने पर जोर दिया गया।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि सपा सरकार के जनहित कार्यों को जनता तक पहुंचाकर विरोधियों के दुष्प्रचार का जवाब दिया जाएगा। वहीं पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने भाजपा पर प्रशासन के जरिए दबाव बनाने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की।
वरिष्ठ नेता डॉ. जे.पी. वर्मा ने संगठन की ताकत को चुनावी जीत की कुंजी बताते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का संदेश दिया।
इस दौरान प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा, सुभाष चंद्र शाक्य, राधेश्याम सविता, नरेंद्र सिंह यादव, सुलक्षणा सिंह, अरविंद कश्यप, सुमित शाक्य, राजीव शाक्य, बिल्लू श्रीवास्तव और राकेश दिवाकर समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
