नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहे 760 किलो अखरोट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पीलीभीत जिला ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना
पीलीभीत। थाना न्यूरिया पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेपाल राष्ट्र से अवैध रूप से तस्करी कर लाए जा रहे 760 किलोग्राम अखरोट के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो कारें भी बरामद की हैं, जिन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थीं।
पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम द्वारा पीलीभीत-टनकपुर रोड से मझौला धनकुना की ओर जाने वाले लिंक रोड पर भुजिया मजार के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नेपाल से अवैध सामान की तस्करी कर ला रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूके06एक्स3578 और आल्टो कार संख्या यूपी26डी3471 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 58 पैकेटों में भरे 760 किलो अखरोट बरामद किए गए। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना नाम गगन यादव पुत्र भृगुरासन निवासी मेलाघाट थाना झनकईयां जनपद ऊधमसिंहनगर उत्तराखंड तथा नफीश खां पुत्र शफीक खां निवासी जमुनिया थाना माधोटांडा जनपद पीलीभीत बताया। फरार अभियुक्त की पहचान अफरोज पुत्र अल्लन खां निवासी इस्लामनगर थाना खटीमा जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नेपाल से बिना कस्टम ड्यूटी दिए सस्ते दामों में अखरोट और अन्य सामान लाकर यहां ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस द्वारा ई-चालान ऐप से जांच करने पर वाहनों पर लगी नंबर प्लेटों का इंजन और चेसिस नंबर से मिलान नहीं हुआ। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे पुलिस से बचने के लिए वाहनों पर अलग-अलग नंबर प्लेट बदलते रहते थे।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
