• Sun. May 10th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रोटी की तलाश में निकला परिवार उजड़ गया, गंगा एक्सप्रेस-वे हादसे में मां-बेटे समेत तीन की मौत

ByTen News One Desk

May 10, 2026
2 Views

रोटी की तलाश में निकला परिवार उजड़ गया, गंगा एक्सप्रेस-वे हादसे में मां-बेटे समेत तीन की मौत


टेन न्यूज ।। 10 मई 2026 ।। मुनीश चन्द्र ब्यूरो
फतेहगंज पूर्वी। बेहतर भविष्य और रोजी-रोटी की तलाश में पंजाब जा रहा एक परिवार गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। हादसे में फतेहगंज पूर्वी की विवाहिता, उसके आठ माह के मासूम बेटे और एक रिश्तेदार महिला की मौत हो गई, जबकि पति और महिला का भाई घायल हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव सुकटिया सिंघावरी निवासी 28 वर्षीय श्रीदेवी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हरदोई निवासी अभिषेक से हुई थी। अभिषेक पिछले तीन वर्षों से पंजाब के लुधियाना में रहकर बंटाई पर खेती करते थे और परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से वह खेती का काम बढ़ाना चाहते थे, जिसके चलते ट्रैक्टर लेकर परिवार समेत लुधियाना जा रहे थे।

बताया गया कि श्रीदेवी छह दिन पहले अपने मायके फतेहगंज पूर्वी आई थीं। शनिवार शाम वह अपने पति अभिषेक, आठ माह के बेटे अभिजीत, भाई लालाराम और भाभी सावित्री देवी के साथ बरेली से लुधियाना के लिए रवाना हुईं। ट्रैक्टर को एक कैंटर में लादा गया था और परिवार के सदस्य भी उसी वाहन में सवार थे।

शनिवार रात करीब 12 बजे हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर सदरपुर टोल प्लाजा के आगे कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से कैंटर को सीधा कराया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला।

दुर्घटना में श्रीदेवी, उनके आठ माह के बेटे अभिजीत और रिश्तेदार सावित्री देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभिषेक और लालाराम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों के अनुसार परिवार बेहतर कमाई और सुनहरे भविष्य की उम्मीद में पंजाब जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना की सूचना मिलते ही फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!